गाजियाबाद (GZB) साइबर क्राइम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 196 फर्जी गेमिंग ऐप (Gamming App) बंद करा दिए हैं। इन ऐप्स का इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी, सट्टा और अन्य साइबर अपराधों को अंजाम देने के लिए किया जा रहा था।
पुलिस ने 8,000 से अधिक मोबाइल नंबरों को भी बंद कराया है, जिनका उपयोग साइबर अपराधी कर रहे थे। इसके अतिरिक्त, लगभग 5,000 मोबाइल फोन के IMEI नंबर शासन को स्थायी रूप से ब्लॉक करने के लिए भेजे गए हैं। ये डिवाइस ठगी, फर्जी लेन-देन और अन्य डिजिटल अपराधों में शामिल थे।
एडीसीपी क्राइम पीयूष कुमार ने बताया कि साइबर अपराधी ऑनलाइन गेमिंग ऐप के जरिए लोगों को लालच देकर ठगी कर रहे थे। जांच में यह भी सामने आया कि कई ऐप बिना किसी वैध अनुमति के संचालित हो रहे थे और इनके माध्यम से बैंक खातों से अवैध लेन-देन किया जा रहा था।
एडीसीपी पीयूष कुमार ने बताया कि साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए लगातार तकनीकी निगरानी की जा रही है और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।